डीवीसी डीएसटीपीएस में हिंदी कंप्यूटर टंकण प्रतियोगिता का आयोजन

अंडाल : “कंप्यूटर की कुंजियों से शब्द-लेखन में निखार लाएँ, हिंदी टंकण के माध्यम से राजभाषा का मान बढ़ाएँ।” के मूल उद्देश्य से दामोदर घाटी निगम, दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र में राजभाषा कार्यान्वयन उप-समिति के तत्वावधान में हिंदी कंप्यूटर टंकण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 07 सितंबर, 2026 को डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल के सदस्य वरिष्ठ प्रबंधक (आईटी) श्री सुधीर कुमार तथा हिंदी सहायक, राजभाषा, श्री अशोक कुमार कपूर ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के हिंदी कंप्यूटर टंकण कौशल, शुद्धता एवं गति का मूल्यांकन किया गया।इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री श्रीकांत गेडेला ने कहा कि “आज के डिजिटल कार्य-परिवेश में कंप्यूटर पर हिंदी टंकण का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। हिंदी में कार्य करने के लिए केवल भाषा का ज्ञान ही नहीं, बल्कि कंप्यूटर पर हिंदी टंकण में दक्षता भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएँ अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी टंकण के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करती हैं।” हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मियाँ ने प्रतियोगिता का संयोजन एवं संचालन किया।प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों का मूल्यांकन संयुक्त रूप से किया गया। इससे सभी प्रतिभागियों को समान अवसर प्राप्त हुआ और हिंदी टंकण के प्रति स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहन मिला।प्रतियोगिता में श्री योगेश मिलन, श्री आकाश दीप, श्री पतरस हाँसदा, श्रीमती सोमा दास, श्री अनुराग कुमार, श्री बिरजु कुमार, श्री हरि शंकर कुमार हरि, श्री अजय कुमार गुप्ता, श्री प्रदीप कुमार, सुश्री मोनालिसा नायक, श्रीमती रुनु सरकार, श्री सुभाषीष दास, श्रीमती रीना यादव, श्रीमती सयानी भौमिक, श्रीमती सतरूपा मुखर्जी, श्री बासुदेव चक्रबर्ती, श्री तरुण दत्ता, श्री मलय मंडल, श्री शेखर महंता, श्रीमती अनुपमा तिवारी एवं श्री आतिश कुमार पांडा सहित डीएसटीपीएस के अनेक हिंदीतर एवं हिंदी भाषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़े उत्साहपूर्वक सहभागिता की।राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 08 सितंबर, 2026 को अपराह्न 03:30 बजे डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में “हिंदी टिप्पण एवं मसौदा लेखन” प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग वर्गों में किया जाएगा।दामोदर घाटी निगम राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए निरंतर प्रयासरत है। डीएसटीपीएस में आयोजित की जा रही ये प्रतियोगिताएँ राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल हैं। ये प्रतियोगिताएँ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ “आइए, हम सब मिल-जुलकर आगे बढ़ें। हिंदी बोलें, हिंदी लिखें और हिंदी पढ़ें।” के राजभाषा ध्येय-वाक्य को व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करती हैं।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?